पटना : पटना सिटी के अगमकुआं थाना अंतर्गत बड़ी पहाड़ी के पास NH-30 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस ने सड़क पार कर रहे 26 वर्षीय स्थानीय युवक मनीष कुमार को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
Read More : बैंकॉक के स्कूल में 9वीं के छात्र ने की अंधाधुंध फायरिंग, 6 लोगों की मौत
उग्र भीड़ ने बस, पुलिस वाहनों और मीडिया की गाड़ी में लगाई आग
युवक की मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने एनएच पर हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों के उतरते ही भीड़ ने बस में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की दो गाड़ियों और मीडियाकर्मी के वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया। उपद्रवियों ने सड़क से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि आग बुझाने पहुंचे दमकलकर्मियों और शुरुआती पुलिस बल को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।
5 थानों की पुलिस ने पाया स्थिति पर काबू
घटना के बाद उग्र भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-30 को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे भीषण गर्मी के बीच वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और बल प्रयोग कर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। पटना सिटी एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और एनएच पर यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है।




