रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे जैसे ही कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी दल भाजपा और आजसू के विधायक वेल में पहुंच गए। विपक्षी सदस्यों ने “नौकरी दो, गद्दी छोड़ो” के नारे लगाते हुए JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्र आंदोलन के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
Read More : जेन Z और जेन अल्फा अधिक ईमानदार हैं, प्रदर्शनकारियों को देशद्रोही कहना गलत : मोहन भागवत
वित्त मंत्री ने पेश किया 8,399 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट
सदन में जारी भारी हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कार्यवाही जारी रखी और विभिन्न समितियों की रिपोर्ट पटल पर रखवाई। इसके बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का 8,399 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। इस बजट में विकास योजनाओं, नई परियोजनाओं और विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए राशि का प्रावधान किया गया है।
सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित
विपक्षी विधायकों की लगातार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के बावजूद सदन की निर्धारित कार्यसूची पूरी की गई। पहला अनुपूरक बजट पेश किए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। मानसून सत्र के दौरान भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, बेरोजगारी और छात्र आंदोलनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध लगातार बढ़ता जा रहा है।




