परसुडीह बाजार में 6 दुकानों में चोरी, नकदी के साथ सब्जियां और 8 बत्तख भी ले उड़े चोर

जमशेदपुर: परसुडीह बाजार में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने छह दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, सब्जियां, लहसुन, टमाटर और आठ बत्तख तक चुरा ले गए। शुक्रवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।

आलू-प्याज व्यवसायी अजय यादव ने बताया कि उनकी दुकान से नकदी रखने वाला गल्ला चोरी कर लिया गया। बाद में गल्ला बाजार से कुछ दूरी पर टूटी अवस्था में मिला, लेकिन उसमें रखे करीब दो हजार रुपये नकद और आवश्यक दस्तावेज गायब थे।

इसी बाजार में दुकानदार दुखी पोद्दार की दुकान से एक कैरेट टमाटर चोरी कर लिया गया। वहीं मधु पोद्दार की दुकान से लहसुन और खुदरा नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा नीति मुर्गी दुकान से आठ बत्तख चोरी हो गईं। सुनील की पान दुकान का कैश काउंटर भी तोड़ा गया, लेकिन उसमें नकदी नहीं होने के कारण चोर खाली हाथ लौटे।

घटना के बाद दुकानदारों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बाजार समिति नियमित रूप से शुल्क वसूलती है, लेकिन रात के समय सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार तैनात नहीं किया जाता। उनका आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण चोर लगातार बाजार को निशाना बना रहे हैं।

मामले की सूचना मिलने पर परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.