रांची : झारखंड में जारी छात्र आंदोलन पर सीएम हेमंत सोरेन ने 24 घंटे के भीतर फिर से बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याएं राष्ट्रीय संकट का रूप ले रही हैं और राज्य सरकार इस पूरे मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है। सीएम ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर राज्य के मौजूदा हालात और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद सीएम ने कहा कि सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं और जिनकी भी मांगें हैं, वे अपनी बात रख सकते हैं। सरकार उनकी बातों को गंभीरता से देखेगी और जांच पूरी होने के बाद ठोस (कंक्रीट) परिणाम सामने लाए जाएंगे।
Read More : रांची में JPSC-JSSC आंदोलन तेज : ब्रह्मानंद कुमार का मौन व्रत, मेडिकल टीम कर रही जांच
जांच जारी, युवाओं के साथ नहीं होगा अन्याय
सीएम ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रही बातें और छात्रों की चिंताएं सरकार के संज्ञान में हैं। संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा मामलों की पड़ताल की जा रही है। हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल हाल ही में दिल्ली दौरे पर गए थे, जहां उनकी प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात हुई थी। उस दौरान भी राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी।
राज्यपाल ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता पर दिया जोर
मुलाकात के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे उनकी साख और पारदर्शिता पर कोई सवाल न उठे। राज्यपाल के निर्देशों पर सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।




