रांची। केंद्र सरकार ने देश की आंतरिक सुरक्षा और वीवीआईपी सुरक्षा को लेकर दो बेहद महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिए हैं. कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने भारतीय पुलिस सेवा के दो वरिष्ठ अधिकारियों की नई नियुक्तियों और सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है. इस संबंध में कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के तहत आने वाले कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
महेश दीक्षित होंगे इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के नए चीफ
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 1993 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को देश की मुख्य आंतरिक खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। महेश दीक्षित वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में ही विशेष निदेशक के पद पर कार्यरत हैं. उनकी यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले दो वर्ष के लिए या अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) मान्य होगी। वे वर्तमान निदेशक तपन कुमार डेका, IPS (HP:88) का स्थान लेंगे।
एसपीजी निदेशक आलोक शर्मा का कार्यकाल 9 महीने बढ़ा
एक अन्य बड़े फैसले में, प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्ट गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले विशेष सुरक्षा समूह (SPG) के निदेशक आलोक शर्मा को केंद्र सरकार ने सेवा विस्तार दिया है। आलोक शर्मा का सेवाकाल नौ महीने के लिए बढ़ाया गया है. उनका यह सेवा विस्तार एक जुलाई 2026 से प्रभावी होगा और 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगा।




