भिवंडी : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक हिस्सा गिरने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। एनडीआरएफ की टीम ने मलबे से शव निकाले हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है, क्योंकि मलबे के नीचे अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा बीती देर रात भिवंडी के बालाजी नगर इलाके में हुआ। अधिकारियों के अनुसार रात करीब 11:30 बजे चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। बताया गया कि इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। इमारत में कुल 48 कमरे थे और प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। स्थानीय नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया था।
पीएम ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये
पीएम मोदी ने भिवंडी हादसे पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के ठाणे में इमारत गिरने से हुई मौतों की खबर बेहद दुखद है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। पीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।
महाराष्ट्रात ठाणे येथे इमारत कोसळून झालेल्या जीवितहानीच्या वृत्ताने अत्यंत दुःख झाले. या दुःखद प्रसंगात माझ्या सहवेदना शोकाकुल कुटुंबांसोबत आहेत. या दुर्घटनेतील जखमी लवकरात लवकर बरे होवोत हीच प्रार्थना.
— PMO India (@PMOIndia) July 31, 2026
या दुर्घटनेत मृत्यू झालेल्या व्यक्तींच्या कुटुंबियांना प्रधानमंत्री सहायता…
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने FIR और कड़ी कार्रवाई के दिए आदेश
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे में लोगों की मौत को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि वह शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए गए हैं। सीएम ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि कोहिनूर इमारत गिरने से 9 लोगों की जान गई है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और बताया कि उन्होंने भिवंडी नगर आयुक्त अनमोल सागर तथा ठाणे कलेक्टर श्रीकृष्ण पंचाल से बातचीत कर राहत और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
घायलों का इलाज भिवंडी के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया जाएगा। शिंदे ने कहा कि इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने पर है। एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।




