खूंटी : DC मो. जावेद हुसैन ने गुरुवार को जिले के माहिल स्थित दुग्ध शीतक केंद्र, किसानों की गौशालाओं और संरक्षित जरबेरा फूलों की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुग्ध उत्पादन, विपणन और व्यावसायिक फूलों की खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
Read More : रांची सदर अस्पताल पहुंचे DC मंजूनाथ भजन्त्री, चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान DC ने दुग्ध शीतक केंद्र में प्रतिदिन संग्रहित दूध की मात्रा, गुणवत्ता, किसानों को भुगतान की व्यवस्था और प्रोसेसिंग से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने जिला पशुपालन एवं गव्य विकास पदाधिकारी को जिले में अतिरिक्त दुग्ध शीतक केंद्र स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
गौशालाओं और पशुपालन व्यवस्था की समीक्षा
DC ने किसानों की गौशालाओं का निरीक्षण कर पशुओं के रख-रखाव, टीकाकरण, टैगिंग और नियमित स्वास्थ्य जांच की समीक्षा की। उन्होंने सभी पशुओं का समयबद्ध टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसानों ने बताया कि वे दूध के साथ पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पाद तैयार कर स्थानीय बाजारों में बेच रहे हैं, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
जरबेरा फूलों की खेती को मिलेगा बढ़ावा
DC ने गोबर गैस प्लांट का निरीक्षण कर क्षेत्र में अधिक संख्या में गोबर गैस संयंत्र स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इसके बाद उन्होंने माहिल और अनिगड़ा में उद्यान विभाग के सहयोग से हो रही संरक्षित जरबेरा फूलों की खेती का अवलोकन किया।
किसानों ने बताया कि बाजार में जरबेरा फूल की अच्छी मांग है और प्रत्येक फूल 3 से 8 रुपये तक बिकता है। DC ने जिला उद्यान पदाधिकारी को अधिक से अधिक किसानों को व्यावसायिक फल एवं फूलों की खेती से जोड़ने तथा एफपीओ, स्वयं सहायता समूह और सहकारिता समितियों के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश भी उपस्थित रहे।



