रांची : रांची में 135वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज 26 जुलाई 2026 से होने जा रहा है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह और पहले मुकाबले में सीएम हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुरुवार को कांके रोड स्थित सीएम आवासीय कार्यालय में खेल विभाग और भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीएम से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें उद्घाटन समारोह का औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
Read More : JPSC पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के घर CID का छापा
प्रतिनिधिमंडल में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, भारतीय सेना की ओर से 23 आईबीजी के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश शामिल थे।
उद्घाटन समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में
बैठक के दौरान डूरंड कप 2026 के उद्घाटन समारोह और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा हुई। राज्य सरकार और भारतीय सेना प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं।
फुटबॉल प्रेमियों में बढ़ा उत्साह
एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल डूरंड कप का रांची में आयोजन राज्य के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।



