झारखंड: चतरा पुलिस ने गया जिले की एलएलबी छात्रा दिव्या कुमारी पासवान हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि दिव्या की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी राहुल यादव ने की थी. राहुल ने कोर्ट में अपने खिलाफ होने वाली एक अहम गवाही को रोकने के लिए साजिश के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक सह-आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल यादव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में बिहार और झारखंड पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है.
बंद पत्थर खदान से बरामद हुआ था शव
मामले की शुरुआत बीते 26 जून को हुई, जब चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत जजलो स्थित एक बंद पड़े पत्थर खदान से पुलिस ने एक युवती का शव बरामद किया था. शिनाख्त होने पर पता चला कि शव गया जिले की रहने वाली और एलएलबी की छात्रा दिव्या कुमारी पासवान का है. यह एक पूरी तरह से ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ था, जिसे सुलझाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी.
प्रेम प्रसंग, धोखा और कोर्ट केस
पुलिस जांच के अनुसार, दिव्या और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. इस दौरान राहुल ने दिव्या का शारीरिक शोषण किया, लेकिन जब शादी की बात आई तो वह मुकर गया. राहुल के इस धोखे के बाद दिव्या ने बिहार के शेरघाटी में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद राहुल को जेल भी जाना पड़ा था.
गवाही रोकने के लिए रची गई हत्या की साजिश
मृतका के परिजनों ने बताया कि अगले सप्ताह ही एससी-एसटी कोर्ट में राहुल के खिलाफ दिव्या की बेहद महत्वपूर्ण गवाही होनी थी. राहुल इस बात से घबराया हुआ था और किसी भी कीमत पर केस को उठवाना चाहता था. गवाही रोकने और केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए राहुल ने 24 जून को दिव्या को धोखे से बुलाया. इसके बाद राहुल और उसके साथियों ने मिलकर दिव्या की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उसके शव को चतरा की एक सुनसान खदान में फेंक दिया.
एक वायरल ऑडियो ने खोला हत्या का राज
इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में मृतका के एक वायरल ऑडियो और पुलिस की त्वरित जांच ने सबसे अहम भूमिका निभाई. वायरल ऑडियो में मुख्य आरोपी राहुल यादव द्वारा दिव्या पर केस उठाने के लिए लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था. तकनीकी इनपुट और जांच के आधार पर चतरा पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त एक शातिर अपराधी नेपाली गंझू को बिहार के गया जिले से धर दबोचा है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से मृतका दिव्या का वन-प्लस मोबाइल और कुछ नकदी बरामद की है. नेपाली गंझू से पूछताछ में पुलिस को हत्या से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं. फिलहाल इस मामले में झारखंड और बिहार पुलिस आपसी समन्वय के साथ संयुक्त रूप से जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी राहुल यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा.



