बहरामपुर : पश्चिम बंगाल के बहरामपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। गोविंदपुर इलाके में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय लोकल ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Read More : गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद नेटवर्क से जुड़े पांच और आरोपी गिरफ्तार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय रेलवे क्रॉसिंग खुली हुई थी। घटना के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
रेलवे ने गठित की जांच टीम
पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे कर्ण सुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास स्थित समपार फाटक पर हुआ। अधिकारी के अनुसार, कटवा से करीब 48 किलोमीटर दूर स्थित इस रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूली बच्चों को ले जा रही वैन पटरी पार कर रही थी, तभी एक लोकल ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी।
रेलवे अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम को घटनास्थल भेजा गया है। शुरुआती सूचना के अनुसार, दुर्घटना के समय समपार फाटक खुला हुआ था। हादसे के बाद पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
केंद्रीय मंत्री ने जताया दुख
बहरामपुर हादसे पर केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जान जाना दुखद है, लेकिन बच्चों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और उन्हें विश्वास है कि रेलवे इस मामले की अलग से जांच करेगा। फिलहाल, रेलवे और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।




