रांची। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, जनसरोकार के मुद्दों तथा राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि विधायक दल के उपनेता खिजरी विधायक राजेश कच्छप, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी श्रवण राव, सह-प्रभारी प्रीति मांझी तथा सह-प्रभारी मुरारी कुमार उपस्थित रहे। अतिथि के रूप में महानगर अध्यक्ष डॉ कुमार राजा ,पूर्व राष्ट्रीय सचिव राजेश सिन्हा सनी, फ्रंटल के प्रभारी सुरेन राम उपस्थित रहे । सभी अतिथियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक के उपरांत झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इथेनॉल नीति एवं पेट्रोलियम से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के विरुद्ध विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से जुलूस निकालते हुए कार्यकर्ता फिरायालाल चौक पहुंचे, जहां केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनविरोधी नीतियों का विरोध किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि ने कहा कि युवा कांग्रेस जनता से जुड़े हर मुद्दे पर संघर्ष करती रही है और आगे भी किसानों, युवाओं, छात्रों एवं आम नागरिकों के हितों की आवाज़ बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी की यह बैठक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।



