रांची: 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में कथित अनियमितताओं को लेकर युवा आजसू ने मंगलवार को बापू वाटिका से JPSC कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च के बाद आयोग द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।
Read More : 14वीं JPSC PT में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का घेराव
ज्ञापन के माध्यम से युवा आजसू ने परीक्षा परिणाम में कथित विसंगतियों की स्वतंत्र जांच कराने, परिणाम को फिलहाल स्थगित करने तथा भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने मुख्य रूप से परीक्षा परिणाम की सीबीआई या सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से जांच कराने, श्रेणीवार कट-ऑफ जारी करने, मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए कम से कम 90 दिनों का समय देने, परिणाम पर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने के आरोपों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट करने तथा सोशल मीडिया पर वायरल OMR शीट समेत संदिग्ध मामलों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता, रांची जिला उपाध्यक्ष अमित साहू, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक प्रताप सिंह, चेतन प्रकाश, अजीत सिंह, छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, छात्र संघ के रांची महानगर अध्यक्ष अमन साहू सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और कार्यकर्ता शामिल हुए।



