बोकारो : बोकारो जिले के चिरा चास थाना क्षेत्र स्थित कैलाश हाउसिंग कॉलोनी में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने एक रिटायर्ड जीएसटी अधिकारी के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई आवास संख्या-53 में की जा रही है, जहां अधिकारी शक्ति सिंह के घर सीबीआई की टीम जांच में जुटी हुई है।
Read More : 14वीं JPSC PT में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आयोग कार्यालय का घेराव
मौके पर मौजूद सीबीआई अधिकारियों ने फिलहाल छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। कार्रवाई को पूरी गोपनीयता के साथ अंजाम दिया जा रहा है और टीम ने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस आवास पर छापेमारी चल रही है, उसके बाहर “अधीक्षक, भारत सरकार” का बोर्ड लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि शक्ति सिंह वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग में अधिकारी रह चुके हैं और बिहार में पदस्थापित थे। करीब दो वर्ष पहले वे सेवानिवृत्त हुए थे।
हालांकि, सीबीआई की यह कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। एजेंसी की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



