जमशेदपुर : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) जमशेदपुर में तैनात गृह रक्षकों के लिए कल यानी 11 जुलाई को विशेष गृह रक्षक सभा आयोजित की जाएगी। जिला समादेष्टा कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार यह बैठक पूर्वी सिंहभूम स्थित झारखंड गृह रक्षा वाहिनी के जिला समादेष्टा कार्यालय में होगी।
Read More : रांची में SIR कार्य में लापरवाही पर सख्ती, BLO और सुपरवाइजर पर होगी कार्रवाई
बैठक का उद्देश्य गृह रक्षकों की समस्याओं को सुनना, उनके सुझाव प्राप्त करना और संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। विभाग ने सभी संबंधित गृह रक्षकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की है।
होमगार्ड जवानों से सीधे संवाद करेंगे अधिकारी
जिला समादेष्टा कार्यालय के अनुसार, जिन गृह रक्षकों को विभागीय या व्यक्तिगत स्तर पर किसी समस्या से संबंधित अपनी बात रखनी है या किसी विशेष विषय पर सुझाव देना है, वे इस विशेष बैठक में सीधे जिला समादेष्टा के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि बैठक के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिनाइल पीने की घटना के बाद बुलाई गई बैठक
यह बैठक ऐसे समय बुलाई गई है, जब दो दिन पहले जमशेदपुर में तैनात एक महिला होमगार्ड कर्मी ने लंबित वेतन और मानदेय के भुगतान में लगातार हो रही देरी से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया था। महिला कर्मी ने फिनाइल पी लिया था, जिसके बाद उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
Read More : मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले डॉ. इरफान अंसारी, RIMS-2 समेत स्वास्थ्य योजनाओं पर हुई चर्चा




