स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन और रांची प्रेस क्लब की साझा पहल पर हुआ आयोजन
रांची: एआई और सोशल मीडिया के दौर में खबरों की रफ्तार बढ़ी है, लेकिन पत्रकारिता की बुनियादी कसौटी अब भी सत्य, विश्वसनीयता, भाषा और तथ्य की पड़ताल है। तकनीक पत्रकारिता के तौर-तरीके बदल सकती है, पर सच खोजने और समाज के प्रति जवाबदेही का विकल्प नहीं बन सकती। इसी सवाल पर शनिवार को रांची विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन और प्रेस क्लब रांची की संयुक्त पहल पर राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी आयोजित हुई। ‘बदलते दौर में पत्रकारिता : विश्वसनीयता, तकनीक और भविष्य’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी के दोनों सत्रों में वरिष्ठ पत्रकारों, शिक्षाविदों और मीडिया विशेषज्ञों ने पत्रकारिता की चुनौतियों और भविष्य पर विचार साझा किए।
भाषा और आत्मसंयम पत्रकार की ताकत : बलबीर दत्त
पद्मश्री वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने कहा कि पत्रकारिता बदलाव और संक्रमण से पहले भी गुजर चुकी है। तकनीक और सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता तथा सबसे पहले खबर देने की होड़ उसकी विश्वसनीयता को प्रभावित कर रही है। प्रेस की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और साख बनाए रखना पत्रकारों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय में 1987 में पत्रकारिता विभाग की स्थापना से जुड़े प्रसंग साझा करते हुए कहा कि अच्छी भाषा और सामान्य ज्ञान पत्रकारिता की बड़ी ताकत हैं। पत्रकारों को लगातार पढ़ने और अपने ज्ञान को परिष्कृत करने की जरूरत है।
डिग्री से ज्यादा जरूरी भाषा और लेखन : उदय कुमार
अमर उजाला के कंसल्टेंट ग्रुप एडिटर उदय कुमार ने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ व्यावहारिक जरूरतों के लिए भी तैयार होना चाहिए। डिग्री प्रवेश का प्रमाणपत्र है, लेकिन पेशे की असली योग्यता भाषा, लेखन और अभ्यास से आती है। उन्होंने पत्रकारिता में बढ़ती असहिष्णुता, दबाव और खेमा पत्रकारिता पर चिंता जताई।
एआइ के दौर में भी पत्रकार की भूमिका अहम : अंकित शुक्ल
प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ल ने कहा कि प्रिंट से कंप्यूटर, मोबाइल और एआइ तक तकनीक ने पत्रकारिता के तरीके बदले हैं। पत्रकारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और नई तकनीकों में दक्ष होना होगा। डीपफेक और फर्जी वीडियो के दौर में तथ्य जांच का हुनर जरूरी है। स्थानीय सूचनाओं की सत्यता परखने में पत्रकार की भूमिका आज भी निर्णायक है। कोई तकनीक स्थानीय स्तर पर हर सूचना की पूरी पुष्टि नहीं कर सकती।
सवाल पूछना और सच खोजना पत्रकारिता का आधार : कुलपति डॉ सरोज शर्मा
रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने की महत्वपूर्ण कड़ी है। भारतीय दर्शन में शोध, सवाल पूछने और सत्य की खोज की परंपरा रही है। पत्रकारिता इसी परंपरा को आगे बढ़ाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के साथ अपडेट रहने और सवाल पूछने की जिज्ञासा बनाए रखने की सलाह दी। विश्वसनीयता और जिम्मेदारी पत्रकारिता के दो अनिवार्य आधार हैं।
सूचना की पुष्टि पत्रकारिता की बुनियादी जिम्मेदारी : अरुण कुमार सिंह
वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार सिंह ने कहा कि एआइ और सोशल मीडिया उपकरण हैं, लेकिन पत्रकारिता का मूल काम तथ्य की पुष्टि करना है। सोशल मीडिया पर मिली सूचना को बिना जांच प्रकाशित नहीं करना चाहिए। विश्वसनीय स्रोतों से पड़ताल जरूरी है।
दूसरे सत्र में ‘सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता’ विषय पर विशेषज्ञ परिचर्चा
सूचनाओं की बाढ़ में सच छांटना चुनौती : बैजनाथ मिश्र
दूसरे सत्र के की-नोट स्पीकर वरिष्ठ पत्रकार बैजनाथ मिश्र ने कहा कि आज सूचनाओं की बाढ़ है। पत्रकार का काम इस बाढ़ में से तथ्य और सच को छांटना है। मीडिया के कॉरपोरेटाइजेशन ने भी विश्वसनीयता का संकट पैदा किया है। एआइ काम आसान कर सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय पत्रकार को अपने विवेक से करना चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता की साख को बनाए रखने के लिए तथ्य जांच और स्वतंत्र सोच पर जोर दिया।
पत्रकारिता कमजोरों की आवाज से ताकतवरों के बयान तक सिमटी : प्रियदर्शन
वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन ने कहा कि सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पक्ष हैं। जब मुख्यधारा की पत्रकारिता चूकती है, तो कई बार सोशल मीडिया सच सामने लाने का माध्यम बनता है। उन्होंने चिंता जताई कि पत्रकारिता, जो कभी कमजोरों की आवाज हुआ करती थी, अब कई बार सक्षम और प्रभावशाली लोगों के बयान तक सीमित होती जा रही है। उन्होंने मौजूदा दौर में निर्भीक और वस्तुनिष्ठ पत्रकारिता की चुनौतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद हालात बेहद गंभीर हुए हैं।
पत्रकारिता के लिए विधिवत प्रशिक्षण जरूरी : अजीत द्विवेदी
वरिष्ठ पत्रकार अजीत द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता तकनीकी दक्षता और व्यापक जानकारी का क्षेत्र है। केवल सोशल मीडिया पर सूचना प्रकाशित कर देने से कोई जिम्मेदार पत्रकार नहीं बन जाता। पत्रकारिता के लिए विधिवत अध्ययन, प्रशिक्षण और पेशे की समझ जरूरी है। पत्रकार को खबर की विश्वसनीयता, उसके संदर्भ और प्रभाव को समझना चाहिए। उन्होंने खबरों की ऑब्जेक्टिविटी के महत्व को भी रेखांकित किया।
न्यूजरूम का अनुभव पत्रकारिता की समझ विकसित करता है : नीरज गुप्ता
इंडिया टुडे समूह के ‘तक चैनल्स’ के क्लस्टर हेड नीरज गुप्ता ने कहा कि युवा तकनीकी तौर पर सक्षम हैं, लेकिन पत्रकारिता की वास्तविक समझ न्यूजरूम में काम करने से विकसित होती है। खबर की जांच, विषय की गहराई और सहज भाषा में प्रस्तुति पत्रकारिता का मूल काम है। उन्होंने कहा कि भाषा पत्रकारिता की लिबास है, लेकिन तथ्य उसकी आत्मा है।
एआई का इस्तेमाल संयम से हो : नलिनी रंजन
प्रो. नलिनी रंजन ने कहा कि एआइ ने काम आसान बनाया है, लेकिन इसका इस्तेमाल संयम और दक्षता से होना चाहिए। विद्यार्थियों को पत्रकारिता के साथ नई तकनीकों और डिजिटल माध्यमों की समझ भी विकसित करनी चाहिए।
पत्रकारिता में बदलते दौर की चुनौतियां अहमः संजीव शेखर
दूसरे सत्र के मॉडरेटर संजीव शेखर ने भी बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के प्रभाव और पत्रकारों की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया। परिचर्चा में इस बात पर जोर रहा कि सूचना के तेज प्रवाह और तकनीकी बदलाव के बीच पत्रकारिता की मूल कसौटी तथ्य, निष्पक्षता और विश्वसनीयता ही है।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की ओर से राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और विश्वविद्यालय कुलगीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर संगोष्ठी का उद्घाटन किया। उद्घाटन सत्र में हाल ही में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार राजीव कुकरेजा को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। उद्घाटन सत्र का संचालन संजीव शेखर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने किया। दूसरे सत्र के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन रांची प्रेस क्लब के सचिव अभिषेक सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट अफेयर्स डॉ. स्मृति सिंह, डायरेक्टर सीवीएस डॉ. ए.के. डेल्टा, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. आशीष कुमार झा, स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन के निदेशक डॉ. बसंत कुमार झा, रांची प्रेस क्लब के संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य अशोक गोप, प्रतिमा कुमारी, राजन बॉबी, संतोष सिन्हा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
also read : प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए रांची नगर निगम सम्मानित


