रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे वर्षगांठ समारोह पर आज यानी शनिवार को रांची के खेलगांव में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएम हेमंत सोरेन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर करीब 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। सीएम ने राज्य के विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं भी बताईं। सीएम सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समारोह में कुल 1,650 योजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण की जानकारी दी गई है। विस्तृत आंकड़ों में 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास और 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन बताया गया है।
Read More : झारखंड स्थापना दिवस पर NHM की डिजिटल पहल का प्रदर्शन, CM हेमंत सोरेन ने देखा स्टॉल
26 साल के झारखंड के संघर्ष और बलिदान को किया याद
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि 26 साल का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव से गुजरकर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन पर लोगों का उत्साह और उनकी जिज्ञासा देखकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित झारखंड आंदोलन के मार्गदर्शकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया। CM ने कहा कि राज्य के सवा तीन करोड़ लोग गर्व से खुद को अलग झारखंड राज्य का नागरिक मानते हैं। उन्होंने कहा कि अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई क्रांतिकारी अगुआ और मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं हैं। ऐसे में झारखंड का 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी और युवाओं के लिए संकल्प लेने का अवसर है।
जल, जंगल और जमीन हमारी जिंदगी का आधार
सीएम ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, पहाड़, नदी और नाले केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं हैं, बल्कि हमारे जीवन का आधार हैं। इन्हें संरक्षित करना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दिया जा सके। उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा से सदियों तक देश और दुनिया को समृद्ध किया है। इसके बावजूद राज्य के आदिवासी और मूलवासी हक-अधिकार तथा विकास की दौड़ में पीछे रह गए। अब नई पीढ़ी को इस स्थिति में बदलाव लाने और झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा।
महिलाओं को मिल रही प्रतिमाह 10 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता
सीएम ने महिला सशक्तिकरण को लेकर कहा कि झारखंड इस दिशा में एक मिसाल कायम कर रहा है। राज्य सरकार महिलाओं और बहनों को सम्मान राशि देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। एक परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं होने पर भी सभी को सम्मान राशि का लाभ दिया जा रहा है। CM के अनुसार, इस आर्थिक सहायता से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। वे छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर अपनी आजीविका अर्जित करने के साथ परिवार की आर्थिक मजबूती में भी योगदान दे रही हैं। सरकार राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर और सुरक्षित माहौल तैयार कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है।
छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन देगी सरकार
सीएम ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने बताया कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे विद्यार्थियों को भोजन की व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई कर सकेंगे। सीएम ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण, सीएम उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन, छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम दिखने लगा है। अभिभावक निजी विद्यालयों से बच्चों का नामांकन हटाकर सीएम उत्कृष्ट विद्यालयों में कराने के प्रति आकर्षित हो रहे हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता और डिजिटल सुविधाएं
सीएम ने कहा कि सरकार जमीनी हकीकत, गरीबी और शिक्षा के स्तर को समझकर योजनाएं तैयार कर रही है। 11वीं कक्षा के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक परेशानी का सामना करने वाले विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मोबाइल और लैपटॉप जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। हर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को समान रूप से सम्मानित किया जा रहा है। युवाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से लगातार काम हो रहा है। सीएम ने कहा कि राज्य का युवा वर्ग समृद्ध झारखंड के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। बच्चों और युवाओं को बेहतर दिशा देने के लिए सरकार निरंतर सकारात्मक कदम उठा रही है।
2050 तक झारखंड को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का लक्ष्य
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड को विकास की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ाना है। राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। झारखंड में संसाधनों और अवसरों की कमी नहीं है। जरूरत दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की है। सीएम ने कहा कि अबुआ सरकार राज्य की सवा तीन करोड़ जनता, विशेषकर युवाओं के भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है। झारखंड अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है और अब विकास के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित करते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करना है।
अपने हक-अधिकार के लिए संघर्ष करने में सक्षम है झारखंड
सीएम ने कहा कि झारखंड का निर्माण लंबे संघर्ष के बाद हुआ है। यह राज्य लोगों के खून-पसीने से सींचा गया है। अपने हक और अधिकार के लिए राज्य कानूनी और राजनीतिक हर तरह का संघर्ष करने में सक्षम है। उन्होंने स्थापना दिवस पखवाड़े में विभिन्न जिलों और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी का भी उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर बाजार को गति दी है। हाल ही में दिल्ली ट्रेड फेयर के झारखंड पवेलियन में भी महिलाओं ने अपने हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया। सरकार स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और घर बैठे ऑनलाइन खरीद-बिक्री की व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। इससे महिला समूहों को अपने उत्पाद बेचने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिल रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सीएम ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान सीएम ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं, वीरता और योगदान के लिए लोगों को सम्मानित किया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को उनकी सेवाओं के लिए झारखंड सीएम पदक से अलंकृत किया गया। पुलिसकर्मियों को झारखंड सीएम पदक (वीरता) पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में बेहतर काम करने वाले सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों, खिलाड़ियों तथा कलाकारों को सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।
‘द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’ का विमोचन
कार्यक्रम में जेल में रह रहे बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित पुस्तिका ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’ का विमोचन किया गया। वहीं, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रस्तुत किया गया। सीएम हेमंत सोरेन और विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल के पास विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय उपलब्धियों और गतिविधियों का अवलोकन किया।
समारोह में कई मंत्री, सांसद और विधायक रहे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद और शिल्पी नेहा तिर्की उपस्थित रहीं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, सुरेश कुमार बैठा और ममता देवी, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह सहित राज्य सरकार के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।


