चतरा : दिल्ली में पकड़े गये हेरोइन तस्करी के मामले की जांच अब चतरा तक पहुंच गयी है। ड्रग्स के इस धंधे की जड़ खंगाल रही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चतरा के तीन लोगों को नोटिस थमाया है। तीनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 67 के तहत नोटिस जारी कर 22 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर अपना पक्ष रखने और जांच में शामिल होने को कहा गया है। नोटिस पाने वालों में वशिष्ठनगर और प्रतापपुर थाना इलाके के रहने वाले लोग शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से तीनों के घर तक नोटिस पहुंचाया है।
तीन गांवों के लोगों को जारी किया गया नोटिस
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी भानु, बेदौली गांव निवासी दिलीप महतो और प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हारा गांव निवासी दीपक यादव को नोटिस दिया है। नोटिस के माध्यम से तीनों को मामले से संबंधित जानकारी देने और जांच में सहयोग करने के लिए दिल्ली बुलाया गया है। उन्हें दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-4 स्थित विशेष स्टाफ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की टीम को स्थानीय पुलिस का सहयोग मिला। जोरी और प्रतापपुर थाना की पुलिस ने तीनों लोगों तक नोटिस पहुंचाने में मदद की।
हेरोइन के साथ गिरफ्तारी के बाद खुला मामला
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत दिल्ली के रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र में हुई एक गिरफ्तारी से हुई थी। वहां पुलिस ने हरियाणा निवासी लक्ष्मण को गिरफ्तार किया था। उसके पास से करीब 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने लक्ष्मण से पूछताछ की। इसी दौरान मिले सुराग के आधार पर चतरा जिले के मानामात निवासी प्रकाश महतो को भी गिरफ्तार किया गया।
चतरा तक फैले संपर्कों की पड़ताल में जुटी स्पेशल सेल
प्रकाश महतो की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और चतरा जिले से जुड़े संभावित संपर्कों की पड़ताल शुरू कर दी। अब स्पेशल सेल इस मामले में आरोपियों के आपसी संपर्कों और कथित ड्रग्स कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसी क्रम में भानु, दिलीप महतो और दीपक यादव को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है।





