रांची: लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा रणनीति तैयार की है। पर्व के मद्देनजर राज्य के 14 संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रैपिड एक्शन पुलिस, महिला लाठी बल और अश्रु गैस दस्तों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
डीजीपी के निर्देश पर जारी हुआ आदेश
पुलिस महानिदेशक के निर्देश के बाद आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति को लेकर आदेश जारी किया है। इसमें संबंधित जिलों की संवेदनशीलता और पर्व के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने का निर्देश दिया गया है।
13 से 16 नवंबर तक तैनात रहेंगे जवान
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती 13 नवंबर की सुबह से शुरू होकर 16 नवंबर की सुबह तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान छठ घाटों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
पर्व के बाद मूल इकाइयों में लौटेंगे अतिरिक्त बल
आदेश में बलों की वापसी का कार्यक्रम भी तय किया गया है। 16 नवंबर की दोपहर रांची और जमशेदपुर में पहले से तैनात सुरक्षा बलों को छोड़कर अन्य सभी अतिरिक्त जवानों को उनकी मूल वाहिनी या इकाई में वापस भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।


