रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई और नागरिक सुविधाएं दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में 10 नवंबर 2026 को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ शहर के तीन प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को 15 नवंबर तक सभी 72 छठ घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 20 स्थित बड़ा तालाब, वार्ड संख्या 25 के कडरू तालाब और वार्ड संख्या 48 में बापू वाटिका, छप्पन सेठ स्थित निगम निर्मित कृत्रिम तालाब का जायजा लिया। इस दौरान घाटों की सफाई, जल की गुणवत्ता, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
Read More : गुरुनानक जयंती की तैयारी तेज, नगर आयुक्त ने हरमू नदी का किया निरीक्षण
24 घंटे में साफ होगा बड़ा तालाब
वार्ड संख्या 20 स्थित बड़ा तालाब के निरीक्षण के दौरान जलाशय में काली पूजा के मूर्ति विसर्जन से निकले अवशेष और पूजा सामग्री बड़ी मात्रा में मिली। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अगले 24 घंटे के भीतर तालाब की पूरी सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके लिए मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (MSY) के तहत अतिरिक्त श्रमिकों को तत्काल तैनात करने को कहा गया। साथ ही पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर फिटकरी और चूना डालने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने छठ महापर्व के दौरान बड़ा तालाब मार्ग पर वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जरूरी कदम उठाने को भी कहा।
कडरू तालाब में सुरक्षा और सफाई पर जोर
वार्ड संख्या 25 स्थित कडरू तालाब में पानी की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर डालने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान तालाब की ओर अवैध रूप से खुलने वाले कुछ भवनों के गेट भी पाए गए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करते हुए ऐसे सभी गेट बंद कराने को कहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तालाब के आसपास उचित घेराबंदी करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
कृत्रिम तालाब में बढ़ाई जाएगी रोशनी
वार्ड संख्या 48 के बापू वाटिका स्थित छप्पन सेठ के पास निगम द्वारा बनाए गए कृत्रिम तालाब का भी निरीक्षण किया गया। यहां नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त लाइट लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा परिसर में घास की कटाई, संपर्क मार्गों की विशेष सफाई और आने-जाने के रास्तों को व्यवस्थित रखने को कहा गया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान परेशानी न हो।
15 नवंबर तक सभी घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने का लक्ष्य
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 नवंबर तक शहर के सभी 72 छठ घाटों पर सफाई, स्वच्छ जल, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और सुगम आवागमन की व्यवस्था पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक और रांची नगर निगम की संबंधित टीम के सदस्य मौजूद रहे।



