श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कैंसर पीड़ित महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-62 पर ढाबा बस स्टैंड के पास एक निजी एंबुलेंस ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे सेना के मेडिकल सपोर्ट ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Read More : पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन, पंडवानी को दिलाई थी वैश्विक पहचान
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। परिवार जयपुर में कैंसर का इलाज कराने के बाद निजी एंबुलेंस से श्रीगंगानगर लौट रहा था। इसी दौरान एंबुलेंस ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया और सामने से आ रहे सेना के ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।
कैंसर मरीज समेत तीन की मौत
हादसे के समय एंबुलेंस में कैंसर पीड़ित महेंद्र कौर (56), उनके बेटे सतनाम सिंह (26) और रामप्रकाश (32), बेटी लक्ष्मी देवी (26) तथा एंबुलेंस चालक राजवीर सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र कौर, सतनाम सिंह और लक्ष्मी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामप्रकाश और चालक राजवीर घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, महेंद्र कौर कैंसर से पीड़ित थीं। उन्हें 2 जुलाई 2026 को इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया था। उपचार के बाद शनिवार शाम परिवार निजी एंबुलेंस से वापस श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुआ था।
Read More : काशी विश्वनाथ मंदिर गेट पर बड़ा हादसा, पीएसी जवान की कार्बाइन से चली गोली, 3 लोग घायल
आर्मी के जवानों ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलने के बाद सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सेना के जवानों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और दोनों घायलों को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मोहन सिंह की रिपोर्ट के आधार पर सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Read More : NTPC के CMD पद के लिए देश के 18 दिग्गजों के साथ झारखंड कैडर के IAS डॉ. कुलकर्णी भी रेस में




