दीपावली के बाद क्यों जलाया जाता है पुराना सूप? जानें ग्रामीण मान्यता

हजारीबाग : दीपावली में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने के बाद अगले दिन झारखंड के कई गांवों में एक खास परंपरा निभाई जाती है। हजारीबाग के गांवों में यह रिवाज सालों से चला आ रहा है, जिसे गांव की भाषा में ‘दसामसा

दीपावली

अपनी भाषा में पढ़ें

हजारीबाग : दीपावली में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने के बाद अगले दिन झारखंड के कई गांवों में एक खास परंपरा निभाई जाती है। हजारीबाग के गांवों में यह रिवाज सालों से चला आ रहा है, जिसे गांव की भाषा में ‘दसामसा जलाना’ कहते हैं। सोमवार को जगड़ा जोगीडीह गांव में भी ग्रामीणों ने पूरे रीति-रिवाज के साथ इस परंपरा को निभाया। इस दौरान गांव के लोगों ने पुराने तरीके से यह रस्म पूरी की। गांव के लोगों का मानना है कि ऐसा करने से घर और गांव से दुख-दरिद्रता दूर होती है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है।

Read More : रांची में बच्चों संग दीपावली मनाने पहुंचे जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद

दसामसा जलाकर भगाते हैं दरिद्रता

ग्रामीण परंपरा के अनुसार, दीपावली की रात घरों के पुराने सूप, दउरा और टोकरी को बाहर रखा जाता है। अगले दिन सुबह घर की महिलाएं पुराने सूप को लोहे की किसी वस्तु से बजाते हुए घर के कोने-कोने में घूमती हैं। इस दौरान महिलाएं ‘ईश्वर बैठे, दरिद्र निकले’ या ‘दुख-दरिद्रता भाग जाए, सुख-समृद्धि आ जाए’ जैसे पारंपरिक वाक्य बोलती हैं। इसके बाद घर के पुरुष इन पुराने सामानों को लेकर गांव के चौराहे पर पहुंचते हैं।

चौराहे पर सूप, दउरा और टोकरी जलाने की परंपरा

इस परंपरा में पुराने सूप, दउरा और टोकरी को डंडे के सहारे बजाते हुए पूरे गांव में घुमाया जाता है। इसके बाद सभी सामान को गांव के चौराहे पर एकत्रित कर जला दिया जाता है। इस परंपरा में बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी उत्साह के साथ शामिल होते हैं। ग्रामीणों का विश्वास है कि ऐसा करने से नकारात्मक शक्तियों और बुरे प्रभावों का अंत होता है। साथ ही घर और गांव में सुख-समृद्धि आती है।

घर की सफाई और गंगाजल का किया जाता है छिड़काव

दसामसा जलाने की परंपरा के दौरान घर के अंदरूनी हिस्सों से लेकर कचरे और नकारात्मक ऊर्जा को मुख्य दरवाजे की ओर लाने की मान्यता है। पुराने सूप को घर से बाहर दक्षिण दिशा या गांव के चौराहे की ओर ले जाकर छोड़ दिया जाता है या जला दिया जाता है। इसके बाद परिवार के लोग घर की साफ-सफाई करते हैं। पूरे घर में गंगाजल का छिड़काव किया जाता है और सभी लोग स्नान करते हैं।

पीढ़ियों से चली आ रही है ग्रामीण परंपरा

हजारीबाग के जगड़ा जोगीडीह समेत कई गांवों में आज भी दसामसा जलाने की परंपरा निभाई जाती है। बदलते समय के बावजूद ग्रामीणों ने इस लोकपरंपरा को संजोकर रखा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी इस परंपरा को खास बनाती है। यह ग्रामीण संस्कृति, लोकआस्था और पीढ़ियों से चली आ रही मान्यताओं की पहचान बनी हुई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *