रांची : धनतेरस और दीपावली से पहले झारखंड सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता का उपहार दिया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि भेज दी गई है। प्रत्येक महिला के खाते में ₹2,500 की दर से आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल ₹98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। त्योहार से ठीक पहले राशि मिलने से लाभुक महिलाओं को घरेलू जरूरतों और परिवार के खर्चों में मदद मिलेगी। इसके साथ ही महिलाएं दीपावली की तैयारियों और त्योहार से जुड़ी खरीदारी भी कर सकेंगी।
Read More : आधी रात में विश्वविद्यालय के गेट से मिटाया नाम, आलोक दूबे ने BJP पर साधा निशाना
प्रत्येक लाभुक के खाते में भेजे गए ₹2,500
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3,94,007 महिलाओं को अक्टूबर महीने की किस्त का भुगतान किया गया है। प्रत्येक लाभुक को 2,500 रुपये मिले हैं। पूरी राशि आधार आधारित DBT के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी गई है। इस किस्त के लिए जिला स्तर पर कुल 98,50,17,500 रुपये का भुगतान किया गया है। राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
DC मंजूनाथ भजंत्री ने क्या कहा?
रांची DC मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहारों से पहले महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजना सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस राशि से महिलाओं को अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने और त्योहार की खुशियों में शामिल होने में मदद मिलेगी। DC ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
किस प्रखंड में कितनी महिलाओं को मिला लाभ?
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में योजना की लाभुक महिलाओं की संख्या इस प्रकार है।
| प्रखंड एवं शहरी क्षेत्र | लाभुक महिलाओं की संख्या |
|---|---|
| अनगड़ा | 16,705 |
| अरगोड़ा शहरी क्षेत्र | 13,347 |
| बड़गाईं शहरी क्षेत्र | 10,042 |
| बेड़ो | 20,562 |
| बुंडू | 8,556 |
| बुंडू नगर पंचायत | 3,558 |
| बुढ़मू | 17,765 |
| चान्हो | 19,332 |
| हेहल शहरी क्षेत्र | 16,308 |
| इटकी | 10,135 |
| कांके | 31,502 |
| कांके शहरी क्षेत्र | 1,280 |
| खलारी | 9,597 |
| लापुंग | 11,784 |
| मांडर | 22,933 |
| नगड़ी | 18,250 |
| नगड़ी शहरी क्षेत्र | 8,216 |
| नामकुम | 17,958 |
| नामकुम शहरी क्षेत्र | 9,504 |
| ओरमांझी | 17,840 |
| राहे | 9,531 |
| रातू | 20,290 |
| सिल्ली | 21,282 |
| सोनाहातू | 13,088 |
| तमाड़ | 18,751 |
| टाउन अर्बन | 25,891 |
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। धनतेरस और दीपावली से पहले अक्टूबर महीने की सम्मान राशि का भुगतान लाभुक महिलाओं के लिए त्योहार की विशेष सौगात है।



