रांची : दुर्गापूजा के बाद सोमवार को समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में अपनी समस्याएं लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों पर नियमानुसार जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद, पंजी-2 में सुधार, पेंशन भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। डीसी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने को कहा गया।
Read More : झारखंड BJP की नई टीम में जिम्मेदारियों का बंटवारा, 10 नवंबर तक कमेटियां बनेंगी
90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश महतो को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल
जनता दरबार में ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की। इससे उन्हें आने-जाने में सहूलियत मिलेगी और दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। ट्राईसाइकिल मिलने पर कुलवंश महतो ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैंने यूट्यूब में देखा था कि आप हम जैसे लोगों की बहुत मदद करते हैं। आज जब हम डीसी साहब के जनता दरबार में आए, तो हमें निराश होकर वापस नहीं जाना पड़ा। जैसा सोचे थे, वैसा ही हमारा काम हो गया।” उन्होंने कहा कि अगर हर जिले में ऐसे डीसी हों, तो उनके जैसे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ज्यादा चिंता नहीं करनी पड़ेगी। कुलवंश महतो ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में दाखिल-खारिज, जमीन पर अवैध कब्जा हटाने, ऑनलाइन लगान रसीद जारी करने और पंजी-2 में गलतियों को सुधारने से संबंधित कई आवेदन मिले। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में नियमानुसार जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों के साथ राजस्व संबंधी मामलों का भी नियमित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा करने और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाने का निर्देश दिया गया।
राजस्व कर्मचारी की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
जनता दरबार में जिले के विभिन्न अंचलों में कार्यरत राजस्व कर्मचारी भी पहुंचे। उन्होंने अरगोड़ा अंचल के कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मुंडा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इस पर डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इसका खुलासा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन मृतक के आश्रितों के प्रति संवेदनशील है और उन्हें नियमानुसार मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आंगनबाड़ी सेविका चयन की शिकायत पर जांच के निर्देश
जनता दरबार में आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत भी सामने आई। डीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की नियमानुसार जांच की जाए और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जरूरी कदम उठाए जाएं।
पेंशन भुगतान जल्द होने की जानकारी दी
जनता दरबार में वृद्धा पेंशन की राशि लंबित रहने की शिकायत लेकर भी लोग पहुंचे। आवेदकों ने बताया कि भुगतान नहीं होने से उन्हें परेशानी हो रही है। इस पर उपायुक्त ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों के बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया। रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर 9430328080 भी जारी किया है। इस नंबर पर लोग अपनी शिकायतें भेज सकते हैं।




