रांची : जेपी विचार मंच की ओर से गुरुवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि मनाई गई। डिप्टी पाड़ा स्थित विधायक आवास में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंच के सचिव प्रेम मित्तल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत जयप्रकाश नारायण के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर हुई।
Read More : 42 पूर्व जजों का चुनाव आयोग के समर्थन में खुला पत्र, दी चेतावनी
सीपी सिंह ने कहा- जेपी के आदर्शों को जीवन में उतारें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रांची के विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि आजकल लोगों की कथनी और करनी में अंतर आ गया है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण जो कहते थे, उसे अपने जीवन में भी उतारते थे। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
नारी सुरक्षा को लेकर उषा पांडे ने जताई चिंता
समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष उषा पांडे ने वर्तमान परिवेश में नारी समाज की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए पूरे समाज को आगे आना होगा। तभी जेपी के सपनों का सम्मान किया जा सकेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रेम मित्तल ने कहा कि जेपी किसी पद पर नहीं थे, लेकिन उनका कद इससे कहीं ऊंचा था। उन्होंने कहा कि त्याग, बलिदान और समर्पण के कारण ही समाज किसी व्यक्ति को सम्मान देता है।
जेपी को बताया लोकतंत्र का सच्चा प्रहरी
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मंच के प्रदेश प्रवक्ता शैलेश कुमार सिन्हा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को लोकतंत्र का सच्चा प्रहरी बताया। समारोह के समापन पर वरिष्ठ अधिवक्ता अखौरी प्रमोद बिहारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में शशांक शेखर सहाय, डॉ. रंजना, यतेंद्र कुमार दास, हितेंद्र कुमार, वरिष्ठ पत्रकार नवेंदु जी, राजकुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




