रांची : ओरमांझी थाना क्षेत्र के काली मंदिर में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी कर ली। चोर मंदिर से सोने की एक चेन, बड़ा और छोटा चांदी का हार और एक चांदी की चूड़ी ले गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। मामले को लेकर मंदिर के पुजारी जय प्रकाश दुबे ने ओरमांझी थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस से चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
Read More : झारखंड DGP नियुक्ति नियम पर SC सख्त, तदाशा मिश्रा को नोटिस
सुबह मंदिर पहुंचे तो टूटा मिला ताला
पुजारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि वह शाम को पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे। सुबह जब वह मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद जब वह मंदिर के अंदर गए तो मां काली की प्रतिमा के आसपास रखा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। सामान की जांच करने पर सोने की चेन, बड़ा और छोटा चांदी का हार और चांदी की चूड़ी गायब मिली। पुजारी ने पुलिस को दिए आवेदन में चोरी गए गहनों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है।
डीएसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे
मंदिर में चोरी की खबर मिलते ही सिल्ली डीएसपी मनीष चंद्र लाल और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिस अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और जांच की। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। आसपास के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और चोरी से जुड़े संभावित सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है।





