नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे, बाबूलाल मरांडी ने गिनाईं सेवा की उपलब्धियां

रांची : भाजपा झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उनके सफर को सेवा, समर्पण और संकल्प की यात्रा बताया है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ नरेंद्र मोदी का

बाबूलाल मरांडी
पीएम नरेंद्र मोदी और बाबूलाल मरांडी (फाइल फोटो)

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

रांची : भाजपा झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उनके सफर को सेवा, समर्पण और संकल्प की यात्रा बताया है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ नरेंद्र मोदी का संवैधानिक सफर आज 25 साल पूरा कर रहा है। यह सिर्फ सत्ता तक पहुंचने की कहानी नहीं, बल्कि लगातार सेवा करने और बड़े संकल्पों को पूरा करने की यात्रा है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इसी मौके पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। यह अभियान किसी एक व्यक्ति का जश्न नहीं, बल्कि उस सोच का उत्सव है, जिसमें राजनीति को सत्ता नहीं बल्कि सेवा का जरिया माना गया।

Read More : पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, बोले- अब नए लक्ष्य का समय

गुजरात में शुरू हुआ विकास का सफर

मरांडी ने कहा कि 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के CM की जिम्मेदारी संभाली, तब राज्य भूकंप की मार से जूझ रहा था। प्रशासन अस्त-व्यस्त था और लोगों में निराशा थी। ऐसे समय में उन्होंने गुजरात के सामने सुशासन, विकास और जनभागीदारी का रास्ता रखा। कृषि के क्षेत्र में ज्योतिग्राम योजना के जरिए गांवों में 24 घंटे बिजली पहुंचाने की कोशिश हुई। कृषि महोत्सव के जरिए वैज्ञानिकों को किसानों के खेत तक ले जाया गया। पानी की समस्या दूर करने के लिए नर्मदा का पानी सुजलाम-सुफलाम योजना के जरिए गुजरात के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया गया। चेक डैम और भुंगरिया के जरिए जल संरक्षण पर भी जोर दिया गया।

उद्योग के क्षेत्र में वाइब्रेंट गुजरात समिट ने देश-दुनिया के निवेशकों का ध्यान गुजरात की ओर खींचा। वहीं चिरंजीवी योजना, बाल भोग योजना, 108 आपात सेवा, कन्या केलवणी और शाला प्रवेशोत्सव जैसी योजनाओं के जरिए सामाजिक क्षेत्र में भी काम किया गया। मरांडी ने कहा कि भुज जैसे तबाह शहर को भी तेजी से खड़ा किया गया। गुजरात में यह साबित हुआ कि नीति साफ हो, नीयत ठीक हो और नेतृत्व में राष्ट्रहित सबसे ऊपर हो, तो मुश्किल काम भी पूरा किया जा सकता है।

2014 के बाद देश की राजनीति और शासन में बदलाव

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 में देश ने नरेंद्र मोदी को पीएम चुनकर एक बड़ा फैसला लिया। उनके मुताबिक, घोटालों और नीतिगत पंगुता से परेशान देश के सामने मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र रखा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में सरकार की योजनाओं को सीधे गरीबों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। उनके मुताबिक, 50 करोड़ से ज्यादा जनधन खाते खुले, 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने और 4 करोड़ से ज्यादा पीएम आवास बनाए गए। उज्ज्वला योजना के जरिए 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को धुएं से राहत मिली। जल जीवन मिशन से 14 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से पानी पहुंचने का दावा किया गया। आयुष्मान भारत के जरिए 55 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिली। वहीं 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देकर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई कि कोई गरीब भूखा न सोए।

किसानों और महिलाओं पर भी जोर

मरांडी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए 11 करोड़ किसानों को सीधी मदद दी गई। यूरिया की नीम कोटिंग से कालाबाजारी रोकने की कोशिश हुई। एमएसपी में बढ़ोतरी और पीएम फसल बीमा योजना के जरिए किसानों को सुरक्षा देने का काम किया गया। महिलाओं के लिए तीन तलाक से मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि, महिला आरक्षण बिल और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने पर जोर दिया।

मेक इन इंडिया से आत्मनिर्भर भारत तक

मरांडी ने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहलों से युवाओं को नए मौके मिले। उनके मुताबिक, भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और मोबाइल निर्माण के मामले में दुनिया में दूसरे नंबर पर है।

राष्ट्रहित में लिए बड़े फैसले

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने यह भी दिखाया कि राष्ट्रहित में बड़े और कड़े फैसले कैसे लिए जाते हैं। धारा 370 और 35A हटाकर जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह भारत के साथ जोड़ने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में 500 साल बाद भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक का भी जिक्र किया और कहा कि इन कार्रवाइयों से दुनिया को संदेश गया कि नया भारत अपनी सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं करेगा।

कोरोना के दौर में भी भारत ने दिखाई ताकत

मरांडी ने कहा कि कोरोना के समय जब पूरी दुनिया थम गई थी, तब भारत ने 220 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाईं और 100 से ज्यादा देशों को वैक्सीन भेजी। उन्होंने इसे भारत की वैश्विक भूमिका का उदाहरण बताया। उन्होंने चंद्रयान-3, आदित्य L-1 और वंदे भारत ट्रेनों का जिक्र करते हुए कहा कि देश विज्ञान, तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

झारखंड और आदिवासी समाज के लिए खास काम

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का झारखंड से खास जुड़ाव रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने, रांची में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय बनाने, उलिहातू के विकास और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी समाज को सम्मान और विकास दोनों मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड में सड़क, रेल, हवाई अड्डा, एम्स और ट्राइबल यूनिवर्सिटी जैसी योजनाएं केंद्र के सहयोग से आगे बढ़ रही हैं।

सेवा ही संगठन, यही भाजपा का संकल्प

मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का जीवन यह सिखाता है कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है। एक साधारण कार्यकर्ता से पीएम तक पहुंचने के बाद भी उन्होंने सेवा का भाव नहीं छोड़ा। उन्होंने 7 अक्टूबर को होने वाली सेवा ज्योति यात्रा और 17 सितंबर को गांव-गांव जलाए गए आशीर्वाद के दीये को इसी सेवा भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड भाजपा के कार्यकर्ता अभियान के तहत गांव-गांव जाएंगे, लाभार्थियों से मिलेंगे और सेवा को अपने संस्कार का हिस्सा बनाएंगे।

25 साल सिर्फ मोदी की नहीं, भरोसे की यात्रा

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल को सिर्फ उनकी निजी यात्रा के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यह 140 करोड़ भारतीयों के भरोसे की यात्रा है। यह एक कार्यकर्ता के तप, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की कहानी है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर सभी को इस यात्रा को नमन करते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प को झारखंड की धरती से नई ताकत देनी चाहिए। सेवा से संगठन, संगठन से राष्ट्र और राष्ट्र से विश्वगुरु भारत – यही हमारा रास्ता है और यही हमारा लक्ष्य है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *