रांची : राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को सात दिवसीय JCI एक्सपो उत्सव का आगाज हुआ। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना, गुब्बारा उड़ाने और दीप प्रज्वलित कर एक्सपो व्यापार मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह से पहले दो स्कूली बच्चों ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान पंचरत्न स्काईलाईन ग्रुप के एमडी पियूस मोर ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में JCI के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में पूर्व अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
Read More : कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर झारखंड के राज्यपाल और सीएम ने दी प्रतिक्रिया
एक्सपो नए विचारों और संभावनाओं का मंच : गंगवार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि एक्सपो केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि नए विचारों और संभावनाओं का बड़ा मंच है। उन्होंने कहा कि उद्यमिता और आत्मनिर्भरता समग्र विकास का मजबूत आधार हैं। राज्यपाल ने एक्सपो को उत्पाद और बाजार के बीच सेतु का मंच बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्पादकों को बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
झारखंड में उद्यमिता की अपार संभावनाएं
राज्यपाल ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपना उद्यम शुरू करता है तो वह अपनी क्षमता को अवसर में बदलता है। झारखंड में उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं और यहां संसाधन के साथ प्रतिभा भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि जरूरत इन संसाधनों और प्रतिभाओं को प्रभावी ब्रांडिंग से जोड़ने की है। स्थानीय उत्पादों को झारखंड तक सीमित रखने के बजाय देश और दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
तसर सिल्क सहित स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
संतोष कुमार गंगवार ने तसर सिल्क का उदाहरण देते हुए कहा कि इसकी देश-विदेश में भारी मांग है। उन्होंने कहा कि इसी तरह झारखंड के अन्य स्थानीय उत्पादों को भी आगे बढ़ाने की जरूरत है। राज्यपाल ने सोशल मीडिया और तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक ने व्यापार की सीमाओं को खत्म कर दिया है। अब छोटा उत्पादक भी दुनिया के किसी हिस्से में अपना उत्पाद पहुंचा सकता है।

युवाओं से नए विचारों को धरातल पर उतारने की अपील
राज्यपाल ने युवाओं से अपील की कि वे अपने नए विचारों को केवल सोच तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें व्यावहारिक रूप देकर धरातल पर उतारें। उन्होंने व्यापार को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी सामाजिक सरोकार निभाते हुए जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर सकते हैं।
छोटे और स्थानीय उद्यमियों की भी बड़ी भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल बड़े उद्यमियों के भरोसे नहीं होगा। इसमें छोटे और स्थानीय उद्यमियों का भी बड़ा योगदान रहेगा। वहीं JCI अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि यह एक्सपो 29 वर्षों की निरंतर मेहनत का सुखद नतीजा है। उन्होंने कहा कि इसी मेहनत और समर्पण के कारण आज इस आयोजन को इतना विशाल और भव्य रूप दिया जा सका है।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में राकेश मुरारका, अभिषेक केडिया, राकेश जैन, अनंत काला, अभिनव मंत्री, देवेश जैन, रविकांत समोता, सिद्धार्थ चौधरी, आदित्य जालान, पुनीत, संकीत और मोनिका गोयनका सहित बड़ी संख्या में पूर्व अध्यक्ष, सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।






