रांची : अग्रवाल सभा रांची के 50वें अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में अग्रवाल महिला समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन भवन में महिला गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का विषय ‘भारतीय नारी-कल, आज और कल’ रखा गया। पिछले कई वर्षों से नीरा बथवाल और गीता डालमिया के मार्गदर्शन में आयोजित हो रही इस गोष्ठी में महिलाओं ने भारतीय नारी की बदलती भूमिका, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
शिक्षा से नेतृत्व तक महिलाओं की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रादेशिक अध्यक्ष प्रभा पाड़िया और मुख्य वक्ता प्रो. वेटरनरी कॉलेज की श्रीमती नंदिनी वर्मा मौजूद रहीं। अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने सभी अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय नारी ने प्राचीन काल से परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, विज्ञान, व्यवसाय, राजनीति, खेल और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
संस्कृति और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए भारतीय नारी को अपनी संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को भी साथ लेकर चलना चाहिए। गोष्ठी में विभिन्न संस्थाओं से आई महिलाओं ने भी अपने विचार साझा किए। चर्चा के दौरान महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, नेतृत्व क्षमता और भावी पीढ़ी के संस्कार जैसे विषय प्रमुखता से सामने आए।
बड़ी संख्या में महिला सदस्य हुईं शामिल
कार्यक्रम का संचालन अग्रवाल सभा महिला समिति की संयोजिका अलका सरावगी और रूपा अग्रवाल की देखरेख में किया गया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में महिला सदस्य और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंत्री निर्मल बुधिया, मुख्य संयोजक सज्जन कुमार पाड़िया, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र केडिया, अशोक नारसरिया, उपाध्यक्ष रामाशंकर बगड़िया, उप मंत्री अमर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार बगड़िया, प्रभाकर अग्रवाल, नरेश बंका, विनोद टीबड़ेवाल, अजय डीडवानिया सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में सरिता अग्रवाल, मधु सर्राफ, बीना मोदी, मंजू केडिया, मंजू गाड़ोदिया, प्रीती पोद्दार, रीना सुरेखा, सुनीता सरावगी, सीमा टांटिया, बबीता नर्सरिया सहित अन्य महिलाएं भी उपस्थित थीं।




