बोकारो : बोकारो रेलवे स्टेशन पर उस समय अचानक अफ़रा-तफ़री मच गई, जब पटना-रांची जन शताब्दी एक्सप्रेस के इंजन के अगले हिस्से से एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल शुरू की। जीआरपी व आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, जन शताब्दी एक्सप्रेस जैसे ही बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, लोको पायलट ट्रेन से नीचे उतरा। इंजन के पास से तेज बदबू आने पर जब उसने बफर के पास जांच की, तो वहां महिला का कटा हुआ सिर फंसा हुआ मिला।
Read More : करमा पर्व पर रांची नगर निगम की तैयारी तेज, 298 सरना स्थलों का निरीक्षण
लोको पायलट की सूचना पर पहुंची पुलिस
लोको पायलट ने बिना देर किए ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ जवानों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर इंजन के अगले हिस्से से सिर को बाहर निकाला और उसे कब्जे में ले लिया। जीआरपी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि बरामद सिर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बालों की सफेदी के आधार पर मृतका की उम्र लगभग 50 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत कैसे हुई और उसका सिर ट्रेन के इंजन तक कैसे पहुंचा। फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ आसपास के रेलवे रूट तथा निकटवर्ती इलाकों में छानबीन कर महिला की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही हैं।









