रांची : करमा पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में चिन्हित 298 सरना स्थलों और अखड़ों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न सरना स्थलों और अखड़ों का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने सहजानंद चौक स्थित देशवाली सरना-सह-अखड़ा, सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास और करमटोली चौक स्थित सरना स्थलों एवं अखड़ों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों से आवश्यक फीडबैक भी लिया।
Read More : DUSU Election Result 2026 : यश डबास अध्यक्ष, ABVP ने जीती 3 सीटें
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि करमा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से और सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा।
298 सरना स्थलों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में चिन्हित 298 सरना स्थलों और अखड़ों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, सड़क समेत अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर उनकी जरूरत और फीडबैक के आधार पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी सरना स्थलों, अखड़ों, परिसरों और संपर्क पथों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। झाड़ू, घास की कटाई और जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा। वार्ड सुपरवाइजर और स्वच्छता टीम को नियमित निरीक्षण के साथ पूजा समितियों के संपर्क में रहने को कहा गया है। विद्युत शाखा को सभी सरना स्थलों और अखड़ों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संपर्क पथों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
सड़क, नाली और हरित परिसर पर भी जोर
अभियंत्रण शाखा को जरूरत के अनुसार सरना स्थलों पर पेवर ब्लॉक, स्टोन डस्ट और जेएसबी से समतलीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। खुले नालों पर स्लैब उपलब्ध कराने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो। हॉर्टिकल्चर शाखा को सरना स्थलों और अखड़ों में आवश्यकता के अनुसार पौधारोपण कराने के साथ सूखे पेड़ों और लटकती डालियों की छंटाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए वाटर टैंकर की व्यवस्था
जलापूर्ति शाखा को श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विभिन्न सरना स्थलों और अखड़ों में जरूरत के अनुसार वाटर टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शहरवासियों को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि करमा पर्व झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और सामुदायिक परंपरा से जुड़ा पवित्र पर्व है। रांची नगर निगम का प्रयास है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण और आवश्यक नागरिक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि निगम स्तर से की जा रही तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। पूजा समितियों से मिले फीडबैक के आधार पर आवश्यक कार्रवाई अतिशीघ्र सुनिश्चित की जाएगी। नगर आयुक्त ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की। किसी समस्या, आवश्यकता, सुझाव या फीडबैक के लिए रांची नगर निगम के 24×7 कनेक्ट सेंटर 1800-570-1235 पर संपर्क करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्डों के वार्ड पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, नगर प्रबंधक तथा निगम के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।









