बोकारो : रिटायरमेंट के बाद सीएमपीएफ (CMPF) और पेंशन का भुगतान कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में धनबाद सीबीआई ने शुक्रवार को सीसीएल कथारा एरिया की गोविंदपुर परियोजना में बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई की टीम ने यहां दो डीलिंग क्लर्कों को 18 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को टीम अपने साथ ले गई.
Read More : राहुल गांधी को अपनी पार्टी का इतिहास नहीं पता : सुधांशु त्रिवेदी
सुबह कार्यालय पहुंची सीबीआई की टीम
सीबीआई इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में टीम शुक्रवार सुबह गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची. करीब साढ़े 11 बजे टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई शुरू की. इस दौरान सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया. यह पूरा मामला जनता नगर निवासी रसूल जमा से जुड़ा हुआ है. वे परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत थे और करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए थे. रिटायरमेंट के बाद भी उनका सीएमपीएफ और पेंशन का भुगतान अटका हुआ था. आरोप है कि इस भुगतान प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के नाम पर दोनों कर्मचारियों ने उनसे रिश्वत की मांग की थी.
शिकायत मिलने पर सीबीआई ने बिछाया जाल
कर्मचारियों द्वारा लगातार की जा रही रिश्वत की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने धनबाद सीबीआई से इस बात की लिखित शिकायत की थी. शिकायत की प्राथमिक पुष्टि करने के बाद एजेंसी ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई. शुक्रवार को जैसे ही रिश्वत की तय रकम आरोपियों को सौंपी गई, पहले से सतर्क सीबीआई टीम ने दोनों को तुरंत दबोच लिया. दो कर्मियों के रंगे हाथ पकड़े जाने की खबर फैलते ही गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सीबीआई की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई है. फिलहाल एजेंसी रिश्वत की मांग, फाइल क्लियर करने की प्रक्रिया और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है.




