रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित पाली गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान मां संगीता देवी और उनके दो बेटों – रामकिशुन तथा साहिल के रूप में हुई है। एक ही घर से एक साथ तीन लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ हैं।
Read More : जन्माष्टमी पर सोने-चांदी में भारी उछाल, जानें अपने शहर के भाव
पहले बेटे की बिगड़ी तबीयत, फिर…
मिली जानकारी के अनुसार परिवार में सबसे पहले एक बेटे की तबीयत खराब हुई थी। परिजनों द्वारा कराई गई शुरुआती चिकित्सीय जांच में मलेरिया और टाइफाइड से पीड़ित होने की बात सामने आई थी। हालांकि, आरोप है कि परिजनों ने डॉक्टरी इलाज के साथ-साथ झाड़-फूंक और तांत्रिक उपायों का भी सहारा लिया। इसी दौरान सही और समय पर मुकम्मल इलाज न मिल पाने के कारण परिवार के अन्य सदस्यों की स्थिति भी तेजी से बिगड़ने लगी। देखते ही देखते दोनों बेटों की हालत ज्यादा खराब हो गई और उनकी मौत हो गई।
रिम्स रांची में मां ने भी तोड़ा दम
दोनों बेटों की मौत के बाद मां संगीता देवी की तबीयत भी बेहद गंभीर हो गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए रामगढ़ के स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS), रांची रेफर कर दिया। रिम्स रांची में इलाज के दौरान बीती देर रात संगीता देवी ने भी अंतिम सांस ली। एक ही परिवार में मां और दो बेटों की एक-एक कर हुई इस दुखद मौत के बाद पाली गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।





