गुमला : झारखंड के गुमला जिले अंतर्गत टोटो थाना क्षेत्र के फोरी अंबाटोली गांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार यहां शराब के नशे में हुए पारिवारिक विवाद में पत्नी ने अपने पति की लाठी से पिटाई करने के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त गंगू उरांव के तौर पर की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही टोटो थानेदार कुंदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लाठी और पत्थर बरामद कर आरोपी पत्नी फगनी देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Read More : जमशेदपुर के जुगसलाई में बाइक टक्कर पर विवाद, फायरिंग का आरोप
शराब के विवाद में गई जान
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक गंगू उरांव को शराब की गंभीर लत थी और वह अक्सर अत्यधिक नशे की हालत में घर लौटकर पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। पहले भी वह कई बार पत्नी पर जानलेवा हमला कर चुका था। वह देर रात अधिक नशे में घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुकी फगनी देवी ने पहले लाठी से पति के सिर पर वार किया और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
दो शादियां, पहली पत्नी की मौत के बाद संभाल रही थी 9 बच्चों की जिम्मेदारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंगू उरांव ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी नौरा देवी की लगभग 7 साल पहले मौत हो गई थी, जिससे उसके 4 बच्चे हैं। वहीं दूसरी पत्नी फगनी देवी से 5 बच्चे हैं। पहली पत्नी के निधन के बाद फगनी देवी ही मजदूरी और खेती-बारी करके सभी 9 बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।
मासूम और दुधमुंहे समेत 9 बच्चे हुए बेसहारा
पति की मौत और मां फगनी देवी के जेल जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों में सबसे छोटा अभी दुधमुंहा शिशु है, जिसे मां के साथ जेल भेजना पड़ा है। वहीं 1 से 17 वर्ष की उम्र के बाकी 8 बच्चे घर पर अकेले और अनाथ हो गए हैं। बच्चों की देखभाल और भविष्य को लेकर गांव में गंभीर चिंता बनी हुई है। पुलिस मामले के सभी कानूनी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।




