रांची : रांची के चुटिया स्थित ब्लू शिवालिक होटल के सभागार में मां शारदे मंच की ओर से ‘सावन मिलन 2026-सावन के झूले पड़े’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में साहित्य से जुड़ी महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सावन के गीत, नृत्य, संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्सव का माहौल बना दिया। उपस्थित लोगों ने सावन की पारंपरिक संस्कृति और रंगों का आनंद लिया।
Read More : देवेंद्र नाथ महतो की भर्ती यात्रा का नेमरा में विरोध, सड़कों पर हथियारों संग डटे ग्रामीण
किन्नर समाज की प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पंचदशनाम जूना किन्नर अखाड़ा के महामंडलेश्वर अमरजीत नंदगिरी रहे। विशिष्ट अतिथि किरण चौधरी, रीता दुबे और रीना सिंह का भी मां शारदे मंच की ओर से सम्मान और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण किन्नर समाज की प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान रहा। शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली महिलाओं को उनकी उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता के लिए सम्मानित किया गया।
साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
मां शारदे मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने बताया कि संस्था साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ समाज में प्रेम, सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काम करती है। उन्होंने कहा कि संस्था के मूल मंत्र में त्याग, करुणा और विश्वास शामिल हैं। सावन मिलन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मनोरंजक कार्यक्रम, उपहार वितरण और सामूहिक भोजन भी हुआ। इससे आयोजन यादगार बन गया।
साहित्यकारों और सदस्यों की रही भागीदारी
कार्यक्रम का संचालन वीणा श्री ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मां शारदे मंच की सदस्य रश्मि रानी, वीणा श्री, शिखा प्रिया, सीमा श्रीवास्तव, पुष्पा सिंह, ऋतुराज वर्षा, समीर सिन्हा, विकास साह, संगीता शर्मा, प्रेमलता, कनकलता समेत साहित्यकारों, अतिथियों और प्रतिभागियों की भूमिका रही। मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने कहा कि भविष्य में साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा को एक साथ जोड़कर ऐसे सार्थक और भव्य आयोजन लगातार किए जाते रहेंगे।




