हजारीबाग में सांसद खेल महोत्सव की तैयारी, 50 हजार खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में 30 अगस्त से सांसद खेल महोत्सव, फुटबॉल समेत 12 से अधिक खेलों में 50 हजार से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे हिस्सा।

अपनी भाषा में पढ़ें

हजारीबाग:  हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल लगातार दूसरी बार सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कराने जा रहे हैं। इस वर्ष लोकसभा क्षेत्र के सभी 22 प्रखंडों से 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है। इनमें अकेले फुटबॉल में करीब 25 हजार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। महोत्सव का शुभारंभ 30 अगस्त को दारू प्रखंड से होगा।

बड़कागांव रोड स्थित एंजल्स हाई स्कूल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव महज खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा देने का एक बड़ा अभियान है। इसका उद्देश्य गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना, युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखना तथा उन्हें खेल के मैदान से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और उनके भीतर सकारात्मक सोच को मजबूत करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

12 से अधिक खेल विधाओं में होंगे मुकाबले

इस बार महोत्सव में फुटबॉल के साथ क्रिकेट, कबड्डी, तैराकी, निशानेबाजी, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, रस्साकशी, पिट्ठू, मैराथन और ताइक्वांडो समेत 12 से अधिक खेल विधाओं को शामिल किया गया है। आयोजकों का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है।

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि इस खेल अभियान की शुरुआत वर्ष 2016 में कटकमदाग से नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के रूप में हुई थी। धीरे-धीरे इसका विस्तार पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र तक हो गया। अब यह अभियान बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल के जरिए नशामुक्ति का संदेश

प्रेस वार्ता से पहले सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर मीट का भी आयोजन किया गया। इसमें खेल के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को खेल से जोड़ना उन्हें नशे और अन्य गलत गतिविधियों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में बरकट्ठा विधायक अमित यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक निर्मल महतो, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. के.पी. शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *